MCD चुनाव : कांग्रेस ने जारी किए चार घोषणा पत्र
इंडिया वोट कर टीम के अनुसार
कांग्रेस ने नगर निगम चुनाव को लेकर अलग-अलग विषयों पर छह घोषणापत्र तैयार किए हैं। इनमें से चार घोषणापत्र सोमवार को जारी कर नगर निगमों को आत्मनिर्भर बनाने और शहरी गरीबी उन्मूलन विभाग बनाने का वादा किया गया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने कहा कि दिल्ली को गंदगी और बीमारी से मुक्त किया जाएगा। वहीं, अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित कर इनके विकास के लिए छह महीने में लेआउट प्लान तैयार किया जाएगा। इन कॉलोनियों के लिए दो हजार करोड़ रुपये का विशेष कोष बनाने और झुग्गी में रहने वालों को पक्का मकान देने का भी वादा किया गया है। कांग्रेस का कहना है कि बिना टैक्स बढ़ाए वह निगमों के राजस्व में प्रति वर्ष 5200 करोड़ रुपये की वृद्धि करेगी। इसके लिए निगमों में फैले भ्रष्टाचार को खत्म करने के साथ ही इसके संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही 500 करोड़ रुपये मूल्य के म्यूनिसिपल बॉन्ड भी जारी किए जाएंगे। नगर निगमों में शहरी गरीबी उन्मूलन विभाग बनेगा जिससे कि केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मजदूरों को मिल सके। मजदूरों व घरेलू सहायकों का पंजीकरण कर उन्हें स्वास्थ्य, दुर्घटना व जीवन बीमा का लाभ और बेरोजगार होने पर मुआवजा भी दिया जाएगा। अस्थायी सफाई कर्मचारियों को दो साल में नियमित करने और महिला कर्मचारियों को प्रतिदिन एक घंटे का अवकाश दिया जाएगा। पांच लाख रेहड़ी पटरीवालों को लाइसेंस देने का भी कांग्रेस ने वादा किया है। निगम स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर की जाएगी। स्कूलों के निरीक्षण के लिए कमेटी बनेगी जिसमें सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य व शिक्षाविद शामिल होंगे। छात्रओं के नाम से एक हजार रुपये का फिक्स डिपॉजिट कराया जाएगा। वहीं, स्कूलों में शौचालय, स्वच्छ पेयजल व अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। इससे प्रत्येक वर्ष 652 करोड़ रुपये की बचत होगी। इस राशि से स्वास्थ्य केंद्रों में सुधार किया जाएगा।
Source: Dainik Jagran
Related News

Assembly Elections 2026 Dates
Election 2026 Date Announcement LIVE: The Election Commission of India (ECI) has officially announced theRead More



Comments are Closed